फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
पोखर में मिला 65 वर्षीय अधेड़ का शव, टेकनार गांव में फैली सनसनी

सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के थाना चिलहिया क्षेत्र के ग्राम टेकनार (पलटा देवी मेन रोड पश्चिम पोखर) में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब करीब 65 वर्षीय एक अज्ञात अधेड़ का शव पोखर में उतराता मिला। शव आधा पानी में और आधा बाहर पड़ा था, जिसे देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
सुबह घने कोहरे के कारण पहले कुछ साफ दिखाई नहीं दिया। लगभग 8 बजे जब हल्की रोशनी हुई तो ग्रामीणों की नजर पोखर किनारे पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना चिलहिया पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
 क्या बोले ग्राम प्रधान प्रतिनिधि?
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निहाल सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बताया—
“सुबह अधिक कोहरा होने की वजह से कुछ स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। करीब 8 बजे ग्रामीणों ने शव देखा और मुझे सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पाया कि अधेड़ का शव आधा पानी में और आधा बाहर था।”
उन्होंने यह भी बताया कि मृतक देखने में मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। ग्रामीणों के अनुसार आशंका है कि संभवतः वह शौच के लिए गया होगा और अनजाने में पोखर में गिर गया।
पहचान नहीं हो सकी
खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *