सदर थाना क्षेत्र में ट्रामा सेंटर के पास मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी
सिद्धार्थनगर जनपद के सदर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज परिसर के पास एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार राकेश कुमार (उम्र लगभग 40 वर्ष) पुत्र दुर्जन गौतम, निवासी सरोजिनी नगर वार्ड नंबर-9 गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटे।
बताया जाता है कि मेडिकल कॉलेज के पास स्थित पुलिस लाइन परिसर में होली के दूसरे दिन का कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार राकेश कुमार भी वहां होली का कार्यक्रम देख रहे थे और बाद में वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान दोपहर करीब 3:03 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के पास पानी की टंकी के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
परिजनों के अनुसार मृतक रेलवे क्रॉसिंग के पास मोची का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Views: 181

