मोहब्बत की राह में ये कैसा इम्तिहान आया, एक शख्स टावर पर चढ़ा, पूरा शहर तमाशबीन बन गया।
सिद्धार्थनगर (बांसी):
जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक कथित रूप से प्रेम प्रसंग के चलते करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना खेसरहा थाना क्षेत्र के चौकी कुर्थिया अंतर्गत कठमोरवा गांव के लक्ष्मीगंज चौराहे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमडीह जमुआर गांव निवासी एक युवक सुबह लगभग 10 बजे अचानक टावर के शिखर पर जा पहुंचा। इतनी ऊंचाई पर युवक को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक ने नीचे उतरने से इनकार करते हुए अपनी कथित प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग रखी। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि युवक का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी मामले को लेकर पूर्व में विवाद भी हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा तथा अन्य अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे।
समाचार लिखे जाने तक युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी थे। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी गई है।
Views: 108

