रायबरेली में 9 करोड़ की सड़क पर घोटाले का आरोप! मानक विहीन निर्माण के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, ठेकेदार की मनमानी पर फूटा गुस्सा
रायबरेली शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित जेल रोड पर बन रही करीब 9 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क अब विवादों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण पूरी तरह मानकों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। सबसे बड़ा आरोप यह है कि सड़क किनारे बने सीवर चैंबरों को बिना किसी तकनीकी प्रक्रिया के ढका जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर समस्याएं खड़ी होंगी। लोगों का कहना है कि चैंबर ढकने से आए दिन सड़क को तोड़ना पड़ेगा, जिससे सरकारी पैसे की बर्बादी तो होगी ही, आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि इस सड़क का निर्माण वर्षों बाद हो रहा है, लेकिन जिस तरह से काम किया जा रहा है, उससे लगता है कि यह सड़क ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। उनका साफ कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही और अनदेखी आने वाले समय में राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा साफ झलक रहा था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया, तो वे सड़क निर्माण को पूरी तरह रुकवा देंगे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, तो आखिर जिम्मेदार कौन है? क्या प्रशासन समय रहते इस मामले में संज्ञान लेगा, या फिर यह सड़क भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगी?
Views: 99

