सिद्धार्थनगर में युवक पर हमला और लूट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सिद्धार्थनगर। जनपद के भवानीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला और लूट की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक ने कुछ लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने, चाकू से हमला करने और नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि बलरामपुर जनपद के गैसड़ी क्षेत्र निवासी युवक अपनी बहन के घर असनाधरपुर आया हुआ था। आरोप है कि जब वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी धनखरपुर चौराहे के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और विवाद के बाद हमला कर दिया। घायल युवक के अनुसार हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। साथ ही उसके पास मौजूद करीब दो लाख रुपये भी छीन लिए गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल युवक ने कुछ नामजद लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उधर घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करने की अपील की है।
Views: 137

