डीसीएम ने छीन लिया बुजुर्ग पिता का इकलौता सहारा, सड़क पर बिखर गई जिंदगी
भड़रिया नहर पुल पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल
भवानीगंज/सिद्धार्थनगर
भवानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। डुमरियागंज-चंद्रदीप घाट मार्ग स्थित भड़रिया नहर पुल के पास तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर चंद्रदीप घाट निवासी 24 वर्षीय प्रभात यादव अपने साथी शाबान के साथ किसी जरूरी काम से डुमरियागंज आए थे। दोनों देर शाम बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भड़रिया नहर पुल के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और प्रभात यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठे शाबान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका हाथ टूटने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्रभात यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल शाबान का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक प्रभात यादव अपने बुजुर्ग पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मां की मौत कई वर्ष पहले ही हो चुकी थी। ऐसे में जवान बेटे की अचानक मौत ने बूढ़े पिता की जिंदगी को पूरी तरह तोड़ दिया। गांव में हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Views: 116

