फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
भारत-नेपाल सीमा पर फिर सतर्क हुई एजेंसियां

काठमांडू-दिल्ली बस से मिले विदेशी पासपोर्ट, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

सिद्धार्थनगर। अंतरराष्ट्रीय भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ककरहवा बॉर्डर एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को लेकर चर्चा में है। काठमांडू से दिल्ली जा रही एक टूरिस्ट बस से बड़ी संख्या में विदेशी पासपोर्ट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और निगरानी और तेज कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, सीमा पर नियमित जांच अभियान के दौरान एसएसबी, कस्टम और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक टूरिस्ट बस को रोककर तलाशी ली थी। जांच के दौरान बस चालक की सीट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में 16 बांग्लादेशी और 2 नेपाली पासपोर्ट बरामद किए गए। बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी पासपोर्ट पर अपना दावा नहीं किया।

प्रारंभिक पूछताछ में बस चालक ने बताया कि उसे यह पासपोर्ट काठमांडू से दिल्ली पहुंचाने के लिए दिए गए थे। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को सिर्फ दस्तावेज बरामदगी तक सीमित नहीं मान रहीं, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अवैध आवाजाही से जोड़कर भी जांच कर रही हैं।

सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अब बस अड्डों, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और संदिग्ध एजेंटों की भूमिका को भी खंगाल रही हैं। सूत्रों की मानें तो जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर विदेशी पासपोर्ट भारत की सीमा तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे किस नेटवर्क का हाथ हो सकता है।

मोहाना थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक पूछताछ और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही हैं।

सीमा क्षेत्र में हुई इस बरामदगी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर लगातार सख्त निगरानी की जरूरत है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

 

Views: 116

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।