फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
तेज रफ्तार ट्रक का कहर: मां-बेटे की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इटवा क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार

सिद्धार्थनगर/इटवा। जनपद सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मायके जा रही थी महिला, रास्ते में काल बनकर आया ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी लगभग 25 वर्षीय दुर्गावती अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ रिश्तेदार के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। जब बाइक इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। महिला और उसका मासूम बेटा ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।


हादसे के बाद मचा चीख-पुकार का माहौल

दुर्घटना होते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। �


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका का परिवार इस हादसे से पूरी तरह टूट गया है। मां और मासूम बेटे की एक साथ मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।

पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Views: 100

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।