सर्राफा बाजार की जर्जर सड़कों और खुले नालों से परेशान व्यापारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बबेरू/बांदा। बबेरू कस्बे के सर्राफा बाजार में जर्जर सड़कों, जलभराव और खुले नालों की समस्या को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। बुधवार को सर्राफा एसोसिएशन बबेरू के अध्यक्ष महेश कुमार सोनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार को ज्ञापन सौंपा और सड़क तथा नाली निर्माण कराए जाने की मांग उठाई।
व्यापारियों का कहना है कि सुंदर कुआं से पुरानी तहसील रोड तक सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। सर्राफा बाजार के वार्ड नंबर 15 और वार्ड नंबर 7 की मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों के मुताबिक स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, खाद्य सामग्री विक्रेताओं और आम नागरिकों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि मुख्य सड़क से जुड़ने वाली कुछ गलियों की स्थिति खराब होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि बच्चों और गोवंश के गिरने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। वहीं खुले नालों और जलभराव की समस्या को लेकर आगामी बरसात में परेशानी बढ़ने की आशंका जताई गई है।
सर्राफा एसोसिएशन ने प्रशासन से सड़क और नालियों का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन और स्थानीय लोगों की ओर से आगे आंदोलन तथा प्रदर्शन किया जा सकता है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान बाजार की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित कराया गया।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत यादव सहित इच्छाराम सोनी, सुनील सोनी, राजेश सोनी, सतेंद्र सोनी, अनूप सेन, गुरु सोनी, राहुल सोनी, सतीश कुमार, सुरेश कुमार बाजपेई, गया प्रसाद, कुलदीप सोनी, राजेश कुमार, प्रशांत चौरसिया, जीतू धुरिया, शशिकांत सोनी, कंचन सोनी, सुनील कुमार आर्य, सत्यनारायण सोनी, नलवेन्द्र, प्रियम गुप्ता, विकास श्रृंगार केंद्र, बाल प्रसाद, संतोष गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता और संजय गुप्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Views: 118

