फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
बारात से लौटते वक्त मौत का हादसा: सिद्धार्थनगर में नहर में गिरी बुलेट, 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत

सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बारात से घर लौट रहे तीन युवकों की बुलेट मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी। इस हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक किसी बारात में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वे महादेव घुराहू–इटवा बिस्कोहर मार्ग पर पहुंचे तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बुलेट सड़क किनारे नहर में जा गिरी।
इस हादसे में
नीलेश वरुण (15 वर्ष) पुत्र विजय वरुण, निवासी महत्तानिया बुजुर्ग थाना डुमरियागंज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल
नीरज (17 वर्ष) पुत्र पृथ्वीपाल निवासी बनकटवा थाना इटवा की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है।
जबकि रजत (20 वर्ष) पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम चौखड़ा थाना इटवा को हल्की चोटें आई हैं और उसका इलाज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में चल रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए तीनों घायलों को सीएचसी इटवा पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने नीलेश वरुण को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का सबसे छोटा बेटा था और उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। काफी समझाने के बाद प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Views: 330

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।