11000 वोल्ट लाइन से बस में उतरा करंट, श्याम सुंदर गुप्ता की मौत — कई घायल
सिद्धार्थनगर / शोहरतगढ़।
जनपद सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम लखनपारा निवासी रामनरेश साहनी पुत्र सिद्धू के निधन के बाद उनका शव दाह संस्कार के लिए अयोध्या ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बस के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की बिजली लाइन बस की बॉडी से टच हो गई, जिससे बस में करंट उतर गया। इस हादसे में श्याम सुंदर गुप्ता की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मृतक रामनरेश साहनी के पुत्र राम प्रसाद तथा परिवार के अन्य सदस्य और गांव के कई लोग बस संख्या UP55 AT 2142 से शव लेकर अयोध्या के लिए जा रहे थे। जब बस ग्राम करौदा नानकार के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक पिकअप को साइड देने के प्रयास में चालक ने बस को सड़क के बाईं ओर कर दिया।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे नीचे झूल रही 11000 वोल्ट की बिजली लाइन बस की बॉडी से टच हो गई। तार के संपर्क में आते ही बस में करंट दौड़ गया, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में श्याम सुंदर गुप्ता पुत्र सितई गुप्ता निवासी ग्राम लखनपारा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल अन्य घायलों के साथ जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं जगदीश उर्फ ओमप्रकाश पुत्र रामनरेश, रामअजोर साहनी पुत्र सुदामा निवासी लखनपारा तथा बस कंडक्टर सागर घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार महबूब अंसारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में एसडीएम शोहरतगढ़, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी भी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मृतक के परिवार तथा घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Views: 275

