फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
बरात की खुशियां मातम में बदलीं: 17 वर्षीय शनि निषाद की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन बन गया काल

तुलसियापुर/शोहरतगढ़।
थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बरात में शामिल होने गए 17 वर्षीय किशोर शनि निषाद की अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। खुशियों के बीच गया मासूम घर लौट नहीं सका।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी निवासी शनि निषाद (17), पुत्र मुकेश निषाद, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे रोमनदेई गांव में एक बरात में शामिल होने गए थे। बरात स्थल के पास सड़क किनारे खड़े शनि को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शनि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत शोहरतगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था — इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।
परिवार में टूटा कहर
शनि अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और दो बहनों का इकलौता भाई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम पसरा है।
जांच के घेरे में हादसा
हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर वह वाहन चालक कौन था, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं?

Views: 16

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *