सलाखों के पीछे भी होगी बोर्ड परीक्षा डासना जिला कारागार बना पांच जिलों के कैदियों का परीक्षा केंद्र
गाजियाबाद, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जनपद के जिला कारागार डासना में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जिलों—गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर एवं सहारनपुर—के बंदियों के लिए डासना जेल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षाएं जेल परिसर के भीतर ही संपन्न कराई जाएंगी। किसी भी बंदी को परीक्षा के लिए जेल से बाहर नहीं ले जाया जाएगा। परीक्षा की समुचित व्यवस्था एवं निगरानी की जिम्मेदारी जेल प्रशासन के पास रहेगी।
63 बंदी होंगे शामिल
इस वर्ष कुल 63 बंदी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें 20 बंदी हाईस्कूल तथा 43 बंदी इंटरमीडिएट परीक्षा देंगे।
इंटरमीडिएट परीक्षा में गाजियाबाद के 15, गौतमबुद्धनगर के 14, मेरठ के 6, सहारनपुर के 3 तथा मुजफ्फरनगर का 1 बंदी शामिल होगा। इसके अतिरिक्त गाजियाबाद से रिहा हो चुके 5 अभ्यर्थी भी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
वहीं हाईस्कूल परीक्षा में गाजियाबाद के 4, गौतमबुद्धनगर के 6, मेरठ के 3, सहारनपुर के 5 तथा मुजफ्फरनगर का 1 बंदी परीक्षा देगा। एक रिहा अभ्यर्थी भी हाईस्कूल परीक्षा में शामिल होगा।
अध्ययन की विशेष व्यवस्था
जेल प्रशासन द्वारा सभी परीक्षार्थियों को पाठ्यक्रम एवं आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। कारागार में पुस्तकालय की व्यवस्था है, जहां बंदी नियमित अध्ययन कर रहे हैं। परीक्षा केंद्र पर नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी जेल अधीक्षक की होगी। बोर्ड के शिक्षक तथा इंडिया विजन फाउंडेशन की टीम अध्ययन में सहयोग कर रही है।
जेल अधीक्षक ने बताया कि शिक्षा से बंदियों में सुधार की भावना विकसित होती है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलती है।
Views: 40

