फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
“वन ट्रिलियन डॉलर की ओर यूपी: योगी सरकार का दसवां बजट महिलाओं, किसानों और युवाओं को समर्पित”

सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश के बजट को लेकर पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री व अर्थशास्त्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने लगातार दसवां बजट पेश कर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की मजबूत नींव रखी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकसित होना ही 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करेगा। इसी विजन को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है। प्रदेश की भौगोलिक, औद्योगिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए यह बजट औद्योगिक विकास, किसानों की आय वृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार को केंद्र में रखकर बनाया गया है।
डॉ. द्विवेदी ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए लाई गई ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना छात्राओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को नई दिशा देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में कमी आई है और बजट में किसानों के लिए कई योजनाएं शामिल की गई हैं, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने आगे कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे प्रदेश के युवा आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
डॉ. सतीश द्विवेदी के अनुसार, यह बजट महिलाओं को समर्पित, युवाओं को सशक्त और किसानों को समृद्ध बनाने वाला है, जो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।