तेज रफ्तार की कीमत जान से चुकाई: ट्रैक्टर पलटने से मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम
सिद्धार्थनगर | मोहाना थाना क्षेत्र
जनपद सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। ग्राम मोहाना पुल के पास ट्रैक्टर पलटने से उस पर सवार एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 को ग्राम रामगढ़ गोपीजोत टोला निवासी तेज खाँ (पुत्र अब्दुल करीम) ट्रैक्टर संख्या UP55 AU 9157 पर बतौर लेबर कार्य कर वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी दौरान मोहाना पुल के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में तेज खाँ समेत एक अन्य व्यक्ति को गंभीर और प्राणघातक चोटें आईं। दोनों को तत्काल सीएचसी वर्डपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजने की सलाह दी।
लेकिन दुर्भाग्यवश, गोरखपुर ले जाने की तैयारी के दौरान मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर के इमरजेंसी गेट के पास तेज खाँ ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पुत्र अल्ताफ ने दिनांक 29 जनवरी 2026 को अपने पिता का शव लेकर थाना मोहाना पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

