सिद्धार्थनगर में युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
सिद्धार्थनगर: नादेपार में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
सिद्धार्थनगर।जनपद के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के नादेपार में मंगलवार शाम एक युवक की चाकू से हमले में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय शिवम कसौधन पुत्र इंद्रेश कसौधन, निवासी नादेपार, को मंगलवार शाम लगभग 5:30 बजे किसी विवाद के दौरान चाकू मार दिया गया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार की नादेपार में कपड़े की दुकान है। परिजनों के अनुसार दुकान के पास रहने वाले एक परिवार के यहां समारोह का कार्यक्रम था, जिसमें कुछ युवक आए हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है।
मृतक के परिजनों ने विनय वर्मा पुत्र पवन वर्मा के रिश्तेदार (बुआ के लड़के) पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
Views: 558

