फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
मंदिर से 21 किलो का घंटा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान

रिपोर्ट :अर्जुन सिंह | जिला संवाददाता

संत कबीर नगर।
जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मेंहदावल पुलिस ने मंदिर से चोरी किए गए घंटे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना मेंहदावल क्षेत्र में स्थित निरहु बाबा मंदिर से चोरी हुए घंटे के मामले में वांछित अभियुक्त हरिकेश पुत्र दुर्गविजय निवासी बड़हरी कन्हई बड़हरा थाना पुरन्दरपुर जनपद महराजगंज (हाल पता ग्राम पाखापार थाना धर्मसिंहवा, संत कबीर नगर) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस टीम ने आरोपी को जमुअरिया खण्डंजा मार्ग के पास से पकड़ा। उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया एक अदद घंटा भी बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि 06 मार्च 2026 की रात मंदिर में लगा लगभग 21 किलोग्राम का घंटा चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में दीपक निषाद निवासी बीमापार वार्ड संख्या 05 द्वारा थाना मेंहदावल में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उप निरीक्षक एखलाक खान
कांस्टेबल अमेरिका प्रसाद
कांस्टेबल लालजी

महिला शक्ति को बड़ा सम्मान: CM योगी ने रोजगार संगम ऐप लॉन्च किया, हजारों महिलाओं को रोजगार ऑफर

रिपोर्ट:
अर्जुन सिंह | ब्यूरो रिपोर्ट

संत कबीर नगर / लखनऊ।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहलें सामने आईं। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए रोजगार और सम्मान से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत की।


कार्यक्रम के दौरान ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया तथा आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ 2026 के तहत 5,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर प्रदान किए गए। इसके साथ ही 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों और मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया तथा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम और साड़ी/वर्दी के लिए लगभग 3849 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित की गई।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि जब परिवार की महिला सशक्त होती है तो वह समाज को भी नई दिशा देती है। मुख्यमंत्री ने सभी से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इसी क्रम में संत कबीर नगर जनपद में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मान्यवर कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 60 बालिकाओं ने भाग लिया।
इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी ने खो-खो, कबड्डी, रस्सी कूद और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निषाद पार्टी महिला अध्यक्ष सरिता निषाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका शुक्ला, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, शिक्षकगण, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


राज्य महिला आयोग की सदस्या ने इस अवसर पर जिले की सभी महिलाओं और बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और आज बेटियां शिक्षा से लेकर हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

ईरान-अमेरिका तनाव का असर: भारत में LPG सिलेंडर ₹60 महंगा

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज, गैस कीमतों में उछाल से आम उपभोक्ता पर असर
लखनऊ/नई दिल्ली।


मध्य पूर्व तनाव का असर: गैस कीमतों में उछाल
ईरान में नेतृत्व चर्चा तेज, भारत में LPG महंगी
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ऊर्जा बाजार में हलचल


मध्य पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ईरान की सत्ता व्यवस्था को लेकर नई चर्चाएँ तेज हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक विश्लेषकों और विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व को लेकर बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा सामने आ रही है, जिसमें सैयद मुजतबा खामिनई का नाम भी प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है। पिछले कुछ दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है, जिसका असर कई देशों में ऊर्जा कीमतों पर पड़ रहा है।
इसी क्रम में भारत में भी घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगभग 60 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कीमतों में यह बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।
ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है। ऐसे में यदि मध्य पूर्व में राजनीतिक या सैन्य तनाव बढ़ता है तो पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी आवश्यक ऊर्जा वस्तुओं की कीमतों पर उसका सीधा असर पड़ सकता है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है और कई देश स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।