परसा चौराहे पर बड़ी वारदात: एक ही रात में 6 दुकानों के ताले टूटे, नकदी व सामान लेकर फरार हुए चोर
सिद्धार्थनगर।
जनपद के डुमरियागंज क्षेत्र स्थित परसा चौराहे पर बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार की कई दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोरों ने देर रात सुनसान समय का फायदा उठाते हुए करीब छह दुकानों के ताले और शटर तोड़कर नकदी तथा कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे बाजार में फैल गई और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर जुट गए।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कुछ दुकानों से नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी की वास्तविक रकम का आकलन दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Views: 246

