बचपन डे-केयर सेंटर, महनंगा नौगढ़ का जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन द्वारा औचक निरीक्षण
सिद्धार्थनगर 08 अप्रैल 2026/दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित बचपन डे-केयर सेंटर, महनंगा नौगढ़ का जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों को दी जा रही सुविधाओं तथा उनके पालन-पोषण एवं देखभाल की स्थिति को देखा गया। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने केंद्र में उपस्थित दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के बीच समय बिताया, उनका हाल-चाल जाना तथा उनके साथ स्नेहपूर्वक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिलाधिकारी ने बच्चों को दुलार करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें हमेशा खुश रहने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने केंद्र में साफ-सफाई, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बच्चों के लिए संचालित शैक्षिक एवं मनोरंजक गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने पाया कि केंद्र में बच्चों की देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उन्होंने निर्देश दिया कि इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए। विशेष रूप से उन्होंने बच्चों के पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा मानसिक विकास से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्र के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Views: 39
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
