फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
कपिलवस्तु विधानसभा को बड़ी सौगात: PWD द्वारा 54 सड़कों की मरम्मत को स्वीकृति

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने क्षेत्र की 54 जर्जर सड़कों के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है। कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने इस स्वीकृति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है।

ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

विधायक श्यामधनी राही ने बताया कि इन सड़कों की मरम्मत से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से

विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा

मरीजों को अस्पताल पहुंचने में राहत

व्यापारिक गतिविधियों में तेजी

किसानों को फसल ढुलाई में सहूलियत

मिलेगी। लंबे समय से जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने गंभीरता से पूरा किया है।

इन प्रमुख संपर्क मार्गों को मिली स्वीकृति

स्वीकृत मार्गों में पकड़ी उदयपुर–छोटकी हरैया, हरेपा सात प्राथमिक विद्यालय–तरकुलहा, पीकापार–परसा, बर्डपुर, ककरहवा, नौगढ़, बरगदी चौराहा, सगरहवा, सेमरी, बहोरवा, कंचनिया दक्षिणी, बैजनाथपुर, टुगौरा, कुसम्ही, मधुबनवा, बरोहिया खालसा, काकोरी, केवलपुर, जयपुर संपर्क मार्ग, धोबहा, चौहानडीह, सजनापार, दैजौली, छितरापार, नौखनिया, फुलवरिया, लोधपुरवा, जगदीशपुर खुर्द–डिहवा, अहिरनडीह, बसहिलिया, पिछौरा, कोल्हुआ दाता सहित कुल 54 मार्ग शामिल हैं।

इन मार्गों की मरम्मत से दूरस्थ गांव भी मुख्य सड़कों से जुड़ेंगे।

सरकार गांव–गरीब–किसान को दे रही प्राथमिकता

विधायक राही ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क कनेक्टिविटी मजबूत कर विकास को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी स्वीकृत मार्गों पर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों की बदहाली से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही थी। मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।

बजट 2026 में उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात: उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और महिलाओं की शिक्षा पर खास फोकस

लखनऊ, नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में उत्तर प्रदेश को कई महत्वपूर्ण घोषणाओं के जरिए बड़ी प्राथमिकता दी गई है। औद्योगिक विकास, परिवहन, पारंपरिक उद्योग, महिला शिक्षा और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रदेश के भविष्य की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इन फैसलों से रोजगार, निवेश और बुनियादी सुविधाओं में तेज़ी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

वाराणसी बनेगा मल्टीमॉडल पोर्ट हब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को बजट में विशेष महत्व दिया गया है। गंगा नदी के किनारे आधुनिक मल्टीमॉडल पोर्ट विकसित करने की घोषणा की गई है, जहां जहाजों की मरम्मत, माल परिवहन और जलमार्ग आधारित लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस परियोजना से इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट को मजबूती मिलेगी और व्यापार के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

महात्मा गांधी हैंडलूम योजना से बुनकरों को राहत

पूर्वांचल, खासकर वाराणसी क्षेत्र के बुनकरों को संबल देने के लिए महात्मा गांधी हैंडलूम योजना शुरू करने का ऐलान किया गया है।

यह योजना पारंपरिक हथकरघा उद्योग को आधुनिक बाज़ार से जोड़ने, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन सुविधा उपलब्ध कराने पर केंद्रित रहेगी। इससे कारीगरों की आय बढ़ाने और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।

यूपी को दो हाईस्पीड रेल कॉरिडोर

देश में प्रस्तावित 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 उत्तर प्रदेश को मिलना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

दिल्ली–वाराणसी हाईस्पीड कॉरिडोर

वाराणसी–सिलीगुड़ी कॉरिडोर

इन परियोजनाओं से यात्रा समय में भारी कमी आएगी और पर्यटन व व्यापार को नया प्रोत्साहन मिलेगा। यूपी का राष्ट्रीय कनेक्टिविटी नेटवर्क और मजबूत होगा।

हर जिले में खुलेगा गर्ल्स हॉस्टल 

महिलाओं की शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूपी के 75 जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है।

यह पहल उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुलभ आवास प्रदान करेगी।

औद्योगिक विकास को 10000 करोड़ का प्रोत्साहन

राज्य में कंटेनर निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

साथ ही सेमीकंडक्टर 2.0 मिशन के तहत नोएडा में सेमीकंडक्टर पार्क विकसित किया जाएगा। इससे यूपी हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर सकता है और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना बनेगी।

बड़े शहरों और तीर्थ स्थलों का कायाकल्प

5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का प्रावधान किया गया है, जिसमें अयोध्या, गोरखपुर समेत 15 शहर शामिल हैं।

साथ ही छोटे तीर्थ स्थलों के विकास के लिए भी बजट में राशि रखी गई है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

यूपी के विकास को नई रफ्तार

इन घोषणाओं को उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं का असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे पर साफ दिख सकता है।

पिपरहवा स्तूप से महोत्सव मंच तक—उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सिद्धार्थनगर दौरा विकास संदेशों से रहा भरपूर

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का सिद्धार्थनगर दौरा धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास कार्यक्रमों से परिपूर्ण रहा। पिपरहवा स्थित ऐतिहासिक कपिलवस्तु स्तूप पर पूजन, ग्राम चौपाल में जनसंवाद, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक और सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 के मंच से विकास का विज़न — पूरे दिन कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रही।

पिपरहवा स्तूप पर पूजन, भन्तेगणों से संवाद

उपमुख्यमंत्री ने मा. सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान सहित जनप्रतिनिधियों के साथ पिपरहवा स्तूप पर पूजन एवं परिक्रमा की।

इसके बाद संग्रहालय का निरीक्षण किया तथा बौद्ध भन्तेगणों से संवाद कर उन्हें कंबल वितरण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

ग्राम धेन्सा में चौपाल — योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक

विकास खण्ड शोहरतगढ़ के ग्राम धेन्सा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा:

“मनरेगा समाप्त नहीं हुई है। ‘जी-रामजी’ योजना लागू होने तक मनरेगा चलती रहेगी। पात्रों को आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान गोल्डन कार्ड व अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि अब सभी लाभार्थियों को डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे खाते में धनराशि मिल रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक

उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि:

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिले

किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार न हो

विकास योजनाओं की गति तेज की जाए

बैठक में सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 के तीसरे दिन का शुभारंभ

उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर माँ सरस्वती एवं गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ महोत्सव के तीसरे दिन का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना और लोकगीत प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत कर दिया।

बुद्ध की धरती से विश्व शांति का संदेश

महोत्सव मंच से उपमुख्यमंत्री ने कहा:

पिपरहवा विश्व का प्रमुख बौद्ध तीर्थ है

बुद्ध का संदेश शांति और अहिंसा का है

बौद्ध स्थलों को सड़क, रेल व हवाई मार्ग से जोड़ा जा रहा है

सिद्धार्थनगर को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाएगा

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और सिद्धार्थनगर अग्रणी जनपदों में शामिल होगा।

काला नमक चावल जोन का अवलोकन

उपमुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध काला नमक चावल जोन का भी निरीक्षण किया और इसकी वैश्विक ब्रांडिंग पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों ने बताया ऐतिहासिक दौरा

सांसद जगदम्बिका पाल ने इसे जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।

विधायक श्यामधनी राही, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी स्वागत भाषण दिए।

सम्मान और समापन

जिलाधिकारी द्वारा उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने किया सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 का रंगारंग आगाज

सिद्धार्थनगर,28 जनवरी 2026। भगवान गौतम बुद्ध की तपोभूमि और राजकुमार सिद्धार्थ के नाम से पहचाने जाने वाले सिद्धार्थनगर की ऐतिहासिक धरती पर आज विकास, संस्कृति और विरासत का भव्य संगम देखने को मिला। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक श्यामधनी राही, विधायक सैय्यदा खातून, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। मुख्यमंत्री का स्वागत आयुक्त अखिलेश सिंह एवं आईजी संजीव त्यागी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

संस्कृति से सजी शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं के स्वागत गीत और शिवपति इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कपिलवस्तु गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

बुद्ध भूमि से विकास का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गौतम बुद्ध की धरती को नमन करते हुए सिद्धार्थनगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहाँ से सत्य, ज्ञान और शांति का संदेश पूरी दुनिया में गया। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि,

“शक्ति यदि दुष्टों के हाथ में जाती है तो विनाश होता है, और यदि सज्जनों के हाथ में जाती है तो उत्थान होता है। डबल इंजन सरकार इसी उत्थान का माध्यम बनी है।”

1052 करोड़ की विकास सौगात

मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर को 1052 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें सड़क, पुल, सिंचाई, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास, ऑडिटोरियम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

किसान, गरीब और युवाओं पर फोकस

किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार

मनरेगा में अब 125 दिन का रोजगार

हर पात्र को आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड

मत्स्य संपदा योजनाओं से मछली उत्पादन को बढ़ावा

मेडिकल कॉलेज से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ चुका है और इसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

जनप्रतिनिधियों ने रखी बात

सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि 2017 से पहले जिले की पहचान बाढ़ से थी, आज काला नमक चावल, हाईवे और विकास से है।

*विधायक माता प्रसाद पाण्डेय ने स्थानीय उद्योगों की स्थापना की मांग रखी।

*विधायक श्यामधनी राही ने बाईपास और सेतु निर्माण की आवश्यकता बताई।

सामाजिक सरोकार की बात

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया, जो सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया

जनप्रतिनिधियों द्वारा भगवान श्रीराम मंदिर का प्रतीक एवं जिला प्रशासन की ओर से भगवान गौतम बुद्ध का प्रतीकात्मक अस्थि कलश मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन, सीडीओ बलराम सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।