“सिद्धार्थनगर में दो मासूमों की रहस्यमय मौत — खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, इलाके में सनसनी”
FT News Digital |
सिद्धार्थनगर। जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भोजन करने के बाद दो मासूम भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 7 वर्षीय प्राची और 3 वर्षीय ओम स्कूल से घर लौटने के बाद भोजन किए थे। भोजन के कुछ समय बाद ही दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
परिजनों के अनुसार, शाम होते-होते दोनों बच्चों की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान बच्चों की मां और एक अन्य बच्ची की तबीयत भी बिगड़ने की बात सामने आई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि परिवार के मुखिया रोजगार के सिलसिले में विदेश (दुबई) में हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
प्रशासनिक स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
अब तक इस मामले में किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच और स्थिति
फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर भोजन से जुड़ी आशंका जताई जा रही है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है।
Views: 222

