अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए एनजीओ का होगा चयन, इच्छुक संस्थाएं एक सप्ताह में करें आवेदन
सिद्धार्थनगर, 07 मार्च 2026।भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद सिद्धार्थनगर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए अनुभवी स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) का चयन किया जाएगा। इस संबंध में जनपद स्तरीय समिति द्वारा योग्य संस्थाओं का चयन किया जाएगा। इच्छुक संस्थाओं को एक सप्ताह के भीतर अपना आवेदन जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाए जाएंगे विशेष कार्यक्रम
अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जनपद में वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद सर्जरी, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर, उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियों के प्रोत्साहन तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए अनुभवी एनजीओ का चयन किया जाना है।
एनजीओ के लिए निर्धारित अनिवार्य पात्रताएं
आवेदन करने वाली संस्था को भारत सरकार द्वारा निर्धारित निम्न अर्हताएं पूरी करनी होंगी—
संस्था सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत हो।
संस्था का क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ एमओयू (MOU) होना अनिवार्य है।
संस्था का राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता संचालित होना चाहिए।
संस्था नीति आयोग के एनजीओ दर्पण पोर्टल पर पंजीकृत हो।
संस्था के पास पैन कार्ड एवं जीएसटी पंजीकरण होना चाहिए।
संस्था को पिछले 02 वर्षों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
पिछले 03 वर्षों का ऑडिटेड लेखा विवरण अनिवार्य रूप से देना होगा।
घोषणा पत्र के साथ करना होगा आवेदन
इच्छुक संस्थाओं को 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर संस्था के लेटरहेड पर घोषणा-पत्र के साथ अपना प्रत्यावेदन एक सप्ताह के भीतर कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, सिद्धार्थनगर में जमा करना होगा।
समिति द्वारा किया जाएगा अंतिम चयन
शासनादेश में निर्धारित सभी शर्तों को पूर्ण करने वाली संस्थाओं का जनपद स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण के बाद चयन किया जाएगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक संस्थाएं किसी भी कार्य दिवस में जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।
अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी जानकारी
इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी एम.पी. सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनपद की योग्य एवं अनुभवी स्वयंसेवी संस्थाओं से आवेदन करने की अपील की है, ताकि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
Views: 128
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
