अयोध्या में गूंजा सिद्धार्थनगर का सेवा-सम्मान
चार समाजसेवियों को मिला ‘राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान-2026’, सम्मान के बाद रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

अयोध्या/सिद्धार्थनगर। प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव-4 एवं सम्मान समारोह में सिद्धार्थनगर के चार समाजसेवियों को ‘राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किए जाने से जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ। रक्तदान, स्वास्थ्य, शिक्षा, युवा कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए इन समाजसेवियों को सम्मान प्रदान किया गया।
राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। सिद्धार्थनगर की टीम की अगुवाई बस्ती मंडल संयोजक हिमांशु द्विवेदी ने की। मंच पर सम्मान प्राप्त करते समाजसेवियों की तस्वीर इस उपलब्धि की कहानी खुद बयां करती नजर आई।
चार समाजसेवियों को मिला सम्मान
हिमांशु द्विवेदी — संस्थापक, S.R.N. फाउंडेशन ट्रस्ट, जिला अध्यक्ष NIFAA एवं बस्ती मंडल संयोजक के रूप में सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में उनकी भूमिका बताई गई।
मनीष दुबे — रक्तदान के साथ ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किए गए।
जितेन्द्र पाण्डेय — रक्तदान, शिक्षा और युवा कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया।
देवकीनंदन उपाध्याय — रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित हुए।
सम्मान के बाद खुद रक्तदान कर दिया बड़ा संदेश
समारोह की खास बात यह रही कि सम्मान हासिल करने के बाद चारों समाजसेवियों ने स्वयं रक्तदान कर सेवा और समर्पण का संदेश दिया। उनका यह कदम केवल सम्मान ग्रहण करने तक सीमित न रहकर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी बना।
समाजसेवियों ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान उनके व्यक्तिगत गौरव से कहीं अधिक उन रक्तदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का सम्मान है, जो बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते हैं। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर जागरूक होने और जरूरत के समय दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
राष्ट्रीय मंच पर सिद्धार्थनगर की मजबूत मौजूदगी
अयोध्या की पावन धरती पर सिद्धार्थनगर के चार समाजसेवियों का सम्मान जिले के सामाजिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्य को लेकर युवाओं में जागरूकता पैदा करने और समाजसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने वाले ऐसे प्रयास निश्चित रूप से प्रेरणादायी हैं।
फ्रेंड्स टाइम्स / FT NEWS DIGITAL के लिए विशेष रिपोर्ट
रिपोर्टर — सिद्धार्थनगर
Views: 90

