फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर के लाल स्वामीनाथ विश्वकर्मा ने बढ़ाया जिले का मान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मिला नियुक्ति पत्र; मेरठ कमिश्नर कार्यालय में बने कनिष्ठ सहायक

IMG 20261111 WA1472 IMG 20261112 WA0977

तीन साल लखनऊ में रहकर की कड़ी मेहनत, माता-पिता और बड़े भाई को दिया सफलता का पूरा श्रेय, गांव अहरौला में खुशी का माहौल

सिद्धार्थनगर। कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और लक्ष्य हासिल करने का जुनून हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर सफलता की ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी जनपद सिद्धार्थनगर के बढ़नी विकासखंड अंतर्गत ग्राम अहरौला निवासी स्वामीनाथ विश्वकर्मा ने लिखी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से कनिष्ठ सहायक पद पर चयनित होकर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जनपद का नाम रोशन किया है।

स्वामीनाथ विश्वकर्मा को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ। उन्हें मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

गांव के साधारण परिवार से सरकारी सेवा तक का सफर

स्वामीनाथ विश्वकर्मा के पिता का नाम महेश चंद्र विश्वकर्मा है। उनका परिवार ग्राम अहरौला, पोस्ट औदही कला, विकासखंड बढ़नी, तहसील शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर का निवासी है।

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पंडित बाबूराम शुक्ला जूनियर हाईस्कूल, तुलसियापुर चौराहा से प्राप्त की। इसके बाद शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने लगातार तीन वर्षों तक लखनऊ में रहकर कठिन परिश्रम किया। इस दौरान अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार अपनी मेहनत को सफलता में बदल दिया।

सफलता का पूरा श्रेय माता-पिता और बड़े भाई को

अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय स्वामीनाथ विश्वकर्मा ने अपने माता-पिता और बड़े भाई डॉ. मनोज विश्वकर्मा को दिया है, जो सिद्धार्थनगर के भीमापार स्थित नारायण चंद्रा हॉस्पिटल से जुड़े हैं।

उनका कहना है कि माता-पिता के आशीर्वाद, बड़े भाई के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।

लखनऊ के शुभचिंतकों और मित्रों का जताया आभार

अपनी सफलता पर स्वामीनाथ विश्वकर्मा ने लखनऊ में मार्गदर्शन और सहयोग देने वाले अपने शुभचिंतकों डॉ. एसके शर्मा (ईएनटी सर्जन), डॉ. सचिन लाल गौड़, राजेंद्र शर्मा, महेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, राजेश शर्मा, घनश्याम कुमार शर्मा, धीरज जायसवाल, केपी पासवान सहित सभी मित्रों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने अपने ग्रामवासियों, परिवार के सदस्यों और उन सभी लोगों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके संघर्ष के दिनों में उनका उत्साह बढ़ाया।

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

स्वामीनाथ विश्वकर्मा की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बीच रहकर सरकारी नौकरी का सपना देखते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, धैर्य, अनुशासन और परिवार के सहयोग से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

ग्राम अहरौला से निकलकर मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय तक पहुंचने का उनका यह सफर निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

FT NEWS DIGITAL की ओर से स्वामीनाथ विश्वकर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

Views: 402

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।