फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
जमीनी विवाद में मौत के बाद सियासत तेज, पीड़ित परिवार से मिले भाजपा नेता—दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

सिद्धार्थनगर। जिले के लोटन विकास खंड के कोल्हुआ गांव में जमीनी विवाद में हुई युवक संदीप यादव की मौत के बाद अब सियासी हलचल तेज हो गई है। रविवार सुबह करीब 10 बजे कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या और विधायक प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
नेताओं ने मृतक के पिता भोला यादव और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान यह भी सामने आया कि घटना में मृतक की मां और बहन भी घायल हुई हैं। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने तत्काल डॉक्टरों की टीम बुलवाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, साथ ही दवाइयों की व्यवस्था भी कराई।
नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीते दो दिनों में कई राजनीतिक दलों के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने केवल बयानबाजी और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया, जबकि घायल महिलाओं की सुध तक नहीं ली।
वहीं, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। इस पर नेताओं ने थाना प्रभारी हरिओम कुशवाहा को निर्देशित करते हुए टीम गठित कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्राउंड रिएक्शन
ग्रामीणों ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने और घायल महिलाओं के इलाज की व्यवस्था कराने की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि अब तक आए अन्य नेताओं ने केवल औपचारिकता निभाई, जबकि इस प्रतिनिधिमंडल ने वास्तविक स्थिति को समझने और मदद करने का प्रयास किया।
⚠️


यह रिपोर्ट स्थानीय सूत्रों और मौके पर मौजूद लोगों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है, अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Views: 294

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।