फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
इटवा में हाईवोल्टेज ड्रामा: पति के दूसरी महिला संग जाने से आहत विवाहिता पानी की टंकी पर चढ़ी, घंटों चला मान-मनौव्वल

इटवा, सिद्धार्थनगर

इटवा थाना क्षेत्र के सोननगर गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पारिवारिक विवाद से आहत एक विवाहिता गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला अपने पति द्वारा दूसरी महिला के साथ चले जाने से मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश पर महिला सुरक्षित नीचे उतरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोननगर गांव निवासी मंगेर की पुत्री दीपा (28) की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व जनपद बलरामपुर के रेहरा बाजार क्षेत्र में हुई थी। महिला के दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से वह अपनी मां की सेवा के चलते अधिकतर समय मायके में रह रही थी। इसी दौरान पति का किसी अन्य महिला से संपर्क हो गया, जिससे पारिवारिक संबंधों में तनाव बढ़ गया।

परिजनों के मुताबिक, महिला को उम्मीद थी कि समय के साथ हालात सामान्य हो जाएंगे और पति-पत्नी के बीच संबंध सुधर जाएंगे। लेकिन हाल ही में पति के दूसरी महिला के साथ चले जाने की जानकारी मिलने के बाद वह काफी आहत हो गई। आरोप है कि फोन करने पर भी पति बातचीत से बचने लगा, जिससे महिला की मानसिक स्थिति और खराब हो गई।

बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे महिला गांव में जल निगम की निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई और वहीं से फोन पर पति से बात कराने की मांग करने लगी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने इटवा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नायब तहसीलदार विष्णु प्रताप सिंह श्रीनेत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने संयम के साथ महिला को समझाया और करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले मान-मनौव्वल के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना को लेकर क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन ने लोगों से पारिवारिक विवादों को बातचीत और सामाजिक स्तर पर सुलझाने की अपील की है।

Views: 165

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।