फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, बोली- “पति की मौत के दोषियों को गिरफ्तार करो”

सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र में इंसाफ की मांग को लेकर एक महिला का हाईवोल्टेज प्रदर्शन देखने को मिला। पति की मौत के बाद कार्रवाई न होने से नाराज़ महिला शनिवार को पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। कई घंटों तक चले हंगामे और प्रशासनिक मान-मनौव्वल के बाद महिला नीचे उतरी।

बताया जा रहा है कि मामला शाहपुर क्षेत्र का है, जहां चार मार्च की रात राप्ती सेतु पर बाइक और ठेला की टक्कर के बाद आग लग गई थी। हादसे में ठेला चालक मानिकराम उर्फ महिनकू गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था, जहां करीब 10 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 14 मार्च की रात उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी राधा का आरोप है कि पति की मौत के बाद भी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई और आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। कई बार पुलिस से गुहार लगाने के बावजूद सुनवाई न होने पर महिला पहले शाहपुर चौकी पहुंची, लेकिन वहां भी संतोषजनक जवाब न मिलने पर वह पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।

महिला ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। टंकी पर महिला के चढ़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाल श्रीप्रकाश यादव, तहसीलदार रवि यादव, चौकी प्रभारी विनय प्रताप सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने एक आरोपी कल्लू को हिरासत में लिया और दूसरे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद महिला टंकी से नीचे उतरी।

प्रशासन का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

 

Views: 117

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।