फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
“ड्यूटी कर रही मां को रफ्तार ने छीना… अस्पताल के सामने बिखर गया परिवार”

अस्पताल के सामने मौत बनकर दौड़ी काली कार


सोमवार दोपहर ड्यूटी पर तैनात वार्ड आया को अज्ञात वाहन ने रौंदा, चालक फरार


सारांश

सिद्धार्थनगर में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी बाजार में तैनात वार्ड आया सुभावती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा एक तेज रफ्तार काले रंग की अज्ञात चार पहिया कार से हुआ, जो टक्कर मारने के बाद फरार हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

सिद्धार्थनगर।

जनपद सिद्धार्थनगर के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल में लोगों की सेवा करने वाली महिला स्वास्थ्यकर्मी खुद सड़क पर रफ्तार का शिकार बन गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद परशुराम नगर वार्ड हुसैनगंज उसका रोड निवासी 55 वर्षीय सुभावती पत्नी स्वर्गीय चंद्रभान नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी बाजार अस्पताल में वार्ड आया के पद पर तैनात थीं। सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे लंच के दौरान वह अस्पताल के ठीक सामने सड़क किनारे स्थित दुकान पर बिस्कुट लेने जा रही थीं, तभी नौगढ़ की तरफ से उसका की ओर तेज रफ्तार में जा रही काले रंग की एक अज्ञात चार पहिया कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर घायल महिला को माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

“पहले पति… अब मां भी चली गई”

बताया जा रहा है कि मृतका के पति का निधन पहले ही हो चुका था। सुभावती ही अपने परिवार का एकमात्र सहारा थीं। उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

बढ़ती रफ्तार बनी मौत का कारण

जनपद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब चिंता का विषय बन चुके हैं। खासकर बाजार और अस्पताल क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहन लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हादसे में शामिल फरार कार चालक की जल्द गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से काले रंग की फरार कार की तलाश की जा रही है।

 

Views: 418

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।