178 मीटर की सड़क और 11.29 लाख का भुगतान! बर्डपुर ब्लॉक में पंचायत कार्यों पर बड़ा सवाल
एक ही इंटरलॉकिंग सड़क को तीन हिस्सों में दिखाकर भुगतान का आरोप, डीपीआरओ ने जारी किया नोटिस
सिद्धार्थनगर जनपद के बर्डपुर ब्लॉक में पंचायत स्तर पर कराए गए इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। करीब 178 मीटर लंबी सड़क के निर्माण को कथित तौर पर तीन अलग-अलग कार्यों में विभाजित कर लाखों रुपये के भुगतान का आरोप लगने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) वाचस्पति झा ने प्रभारी एडीओ पंचायत एवं सचिव आशुतोष यादव से स्पष्टीकरण तलब किया है।
एक सड़क… तीन नाम… और लाखों का भुगतान!
दस्तावेजों के अनुसार ग्राम पंचायत गुजरपुरवा में मसीतुल्लाह के खेत के पास से धर्मेन्द्र गिरी के घर के आगे तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया। आरोप है कि इसी एक सड़क को तीन अलग-अलग हिस्सों और नामों में दर्शाकर राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग योजना के तहत भुगतान कराया गया।
रिकॉर्ड के अनुसार अलग-अलग मदों में:
लगभग ₹3.98 लाख
लगभग ₹4.30 लाख
लगभग ₹3 लाख
का भुगतान दर्शाया गया है। कुल भुगतान 11,29,672 रुपये बताया जा रहा है।
भुगतान प्रक्रिया पर भी उठे सवाल

सूत्रों के अनुसार पंचायत स्तर पर कराए गए कई कार्यों में बिल-बाउचर और अभिलेखों की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ मामलों में बिना पूर्ण दस्तावेज फीड किए भुगतान किए गए।

बर्डपुर क्षेत्र निवासी अजय चौधरी ने खंड विकास अधिकारी को शपथ पत्र देकर शिकायत की है कि कई ग्राम पंचायतों में कथित तौर पर मनमाने तरीके से भुगतान किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

डीपीआरओ बोले — जवाब आने के बाद होगी कार्रवाई
डीपीआरओ वाचस्पति झा ने बताया कि संबंधित मामले में एडीओ पंचायत/सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत व्यवस्था पर उठे सवाल
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के बीच पंचायत कार्यों की पारदर्शिता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
Views: 161

