PDA महासम्मेलन में 213 बूथों को मजबूत करने का संकल्प
शोहरतगढ़ में मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित हुआ सम्मेलन, बूथ प्रभारियों और संगठन के पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।
समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का PDA महासम्मेलन रविवार को शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालय पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों से जुड़े कार्यकर्ताओं, जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान जोनल प्रभारी, सेक्टर प्रभारी एवं बूथ प्रभारियों को सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य अतिथि और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का फोटो फ्रेम एवं अंगवस्त्र भेंट किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल जी यादव ने कहा कि संगठन में बूथ प्रभारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सम्मेलन के संयोजक मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से PDA महासम्मेलन की शुरुआत शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालय से की गई है। उनके अनुसार सम्मेलन में 213 बूथों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और जीत के लिए काम करने का संकल्प लिया।
मणेन्द्र मिश्रा ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो शोहरतगढ़ क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
सम्मेलन में मुरलीधर मिश्रा, प्रदेश सचिव राम मिलन भारती, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शकील शाह, पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अखिलेश मौर्या, समाजवादी युवजन सभा जिलाध्यक्ष रामसेवक लोधी, बाबा साहब वाहिनी जिलाध्यक्ष चंद्रभान पहलवान, मो. इब्राहिम, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष फैज़ान, उमाशंकर उपाध्याय, जोनल प्रभारी राकेश दूबे, प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष खरकुल्ला खान, प्रदेश सचिव जावेद खान, राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, बृजभान यादव, जिला सचिव हरिराम यादव, राघवेंद्र दूबे, शिव रतन निषाद, राम करन चौधरी, विशुनदेव चौरसिया और संजय यादव समेत अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

शोहरतगढ़ में आयोजित PDA महासम्मेलन के दौरान मंच पर मौजूद समाजवादी पार्टी से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
Views: 105

