फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
गोलगप्पे की खबर सबसे पहले ब्रेक करने वाले FT News का हुआ असर, सीएमओ ने गांव जाकर जाना बच्चों का हाल

FT News Digital में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, गांव में लगाया चिकित्सा शिविर; दूषित पानी और खराब आलू से संक्रमण फैलने की आशंका

सिद्धार्थनगर। खेसरहा विकासखंड के पेड़ारी और कलनाखोर गांव में गोलगप्पे खाने के बाद बच्चों की बिगड़ी सेहत ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की खबर सामने आई तो FT News ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएमओ डॉ. संजय दोहरे के नेतृत्व में पेड़ारी और कलनाखोर गांव पहुंची। यहां चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों की जांच की गई। सीएमओ ने केवल शिविर तक ही सीमित न रहते हुए गांव में घर-घर पहुंचकर बीमार बच्चों का हाल जाना।

CMO ने जाना बच्चों का हाल

इस दौरान सीएमओ ने विद्यावती, निशा, आशा, ममता, महिमा, सरिता, पूजा, रिया, सौम्या, रोशन और दर्शन समेत अन्य बीमार बच्चों के घर जाकर परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों की वर्तमान स्थिति, उपचार और स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को प्रभावित परिवारों के लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए।

दूषित पानी का किया इस्तेमाल: CMO

सीएमओ ने बताया कि गांव में जांच और भ्रमण के दौरान जानकारी मिली कि एक फुलकी विक्रेता ने गोलगप्पे तैयार करने में दूषित पानी और बचे हुए सड़े-गले आलू का इस्तेमाल किया था। इससे बच्चों में संक्रमण फैलने की आशंका है। इसके बाद कई बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।

स्थिति है सामान्य: CMO 

उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। खेसरहा सीएचसी और उसका सीएचसी की चिकित्सकीय टीम को गांव में लगाया गया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जिन मरीजों को आपात स्थिति में बेहतर उपचार की जरूरत पड़ी, उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर भेजा गया है।

खुली चीजों पर अभिभावक दें ध्यान

घटना के बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। इस मामले ने खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सेहत के साथ हुई इस घटना ने अभिभावकों को भी सतर्क कर दिया है।

Views: 49

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।