फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
73 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट से 10 किलो का ट्यूमर निकाला, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने किया सफल ऑपरेशन

माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज की सर्जरी टीम की बड़ी सफलता, मरीज की हालत स्थिर; प्राचार्य ने चिकित्सकों को दी बधाई


73 वर्षीय महिला के पेट से निकाला गया लगभग 10 किलो का ट्यूमर।

करीब डेढ़ घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन।

मरीज की स्थिति स्थिर, बायोप्सी जांच के लिए भेजा गया ट्यूमर।

सरकारी अस्पताल में बेहद कम खर्च पर हुआ उपचार।

सिद्धार्थनगर

माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला के पेट से लगभग 10 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालकर नई जिंदगी दी है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की इस उपलब्धि की सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, सदर तहसील क्षेत्र के हेंसा निवासी 73 वर्षीय महिला लंबे समय से पेट दर्द और सूजन की समस्या से परेशान थीं। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उनके पेट में बड़े आकार के पेरिटोनियल ट्यूमर की पहचान की। इसके बाद वरिष्ठ सर्जन डॉ. आशीष त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने ऑपरेशन की तैयारी की।

करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन में चिकित्सकों ने महिला के पेट से लगभग 10 किलो वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य और स्थिर है। निकाले गए ट्यूमर को माइक्रोबायोलॉजी एवं पैथोलॉजी विभाग में बायोप्सी जांच के लिए भेजा गया है, जिससे बीमारी की प्रकृति की पुष्टि हो सकेगी।

बताया गया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में उपचार होने के कारण मरीज को अत्यंत कम खर्च में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिली। इससे यह भी साबित होता है कि सरकारी चिकित्सा संस्थानों में अब जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजेश मोहन ने सफल ऑपरेशन के लिए सर्जरी विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से गंभीर रोगों का भी प्रभावी उपचार किया जा रहा है।


बाइट (डॉक्टर)

डॉ. आशीष त्रिपाठी (वरिष्ठ सर्जन):

“मरीज के पेट में अत्यधिक बड़ा पेरिटोनियल ट्यूमर था। विशेषज्ञ टीम ने सफल ऑपरेशन कर उसे निकाल दिया है। मरीज की हालत स्थिर है और ट्यूमर को जांच के लिए भेजा गया है।”


बाइट (प्राचार्य)

प्रो. राजेश मोहन (प्राचार्य):

“माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं।”

 

Views: 108

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।