महदेवा में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, ट्रक फंसा तो घंटों थम गई रफ्तार
बदहाल सड़क ने रोकी रफ्तार, जाम में तड़पी जनता
सिद्धार्थनगर। जिले के महदेवा चौकी क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही और बदहाल सड़क व्यवस्था ने मंगलवार को लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। महदेवा बाजार स्थित सोहास रोड-नौगढ़ मार्ग पर सड़क की जर्जर हालत के कारण एक भारी ट्रक बीच सड़क में फंस गया, जिसके बाद देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सुबह से शुरू हुए इस जाम ने राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को घंटों तक परेशान रखा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भीषण गर्मी में इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क लंबे समय से गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक सिर्फ कागजी कार्रवाई में व्यस्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महदेवा बाजार में सड़क किनारे सब्जी और ठेला दुकानदारों का अतिक्रमण भी लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़क और संकरी हो गई है। इसी अव्यवस्था के बीच ट्रक फंसने से पूरा यातायात ठप हो गया। हालात इतने खराब रहे कि स्कूल वाहन और एम्बुलेंस तक जाम में फंस गए।
क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत कराई गई और न ही अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस कार्रवाई हुई। लोगों का कहना है कि शासन बेहतर सड़क और सुचारु यातायात व्यवस्था की बात करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक मौके पर किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
जनता का सवाल
आखिर कब सुधरेगी महदेवा की बदहाल सड़क?
जाम और अतिक्रमण से रोज जूझ रही जनता को कब मिलेगी राहत?
क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा प्रशासन?
Views: 97

