फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर: कूड़ा नदी में डूबे दोनों युवकों के शव तीन दिन बाद बरामद, SDRF के सर्च ऑपरेशन को मिली सफलता

Screenshot 20261113 134845

मुजहना घाट पर तीन दिनों से चल रहा था तलाश अभियान, जिलाधिकारी, सदर विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहे मौजूद

सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के मुजहना घाट पर कूड़ा नदी में डूबे दो युवकों के शव आखिरकार तीन दिन बाद बरामद कर लिए गए। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को एसडीआरएफ की टीम ने लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों युवकों के शव खोज निकाले। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेल्टीकर गांव के टोला दयालपुर में लक्ष्मी पूजा का आयोजन किया गया था। बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी में दो युवक गहरे पानी में डूब गए थे। हादसे में आदित्य पुत्र लखिचंद और गौतम पुत्र हेमंत लापता हो गए थे। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही थी। तीन दिनों तक चले अथक प्रयास के बाद शुक्रवार को दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए।

मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सदर विधायक, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर, उपजिलाधिकारी नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी विश्वजीत शौर्यन, तहसीलदार नौगढ़ अरविंद नाथ पांडेय सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा लेखपाल रणधीर कुमार राणा, शिव शंकर यादव, उपनिरीक्षक रविंद्र यादव (लोटन), उपनिरीक्षक खुशी लाल शर्मा (मोहाना) तथा यूपी एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक अंकित यादव भी रेस्क्यू अभियान में मौजूद रहे।

तीन दिनों से जारी थी तलाश

हादसे के बाद से ही दोनों युवकों की तलाश में स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया था। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव मिलने से तलाश अभियान समाप्त हुआ।

इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

FT NEWS DIGITAL | सिद्धार्थनगर

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।