फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
विदाई के बाद मातम में बदली खुशियां, पोल से टकराई कार में दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल

(FT News Digital) Siddharthnagar के जोगिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को चिंता में बदल दिया। विदाई के बाद घर लौट रही एक कार महदेवा तिवारी चौराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकराने के बाद बिजली के पोल को तोड़ते हुए पुलिया में जा घुसी। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक डुमरियागंज क्षेत्र से बारात सोहास इलाके के एक गांव में गई थी। विदाई के बाद परिवार के लोग वापस लौट रहे थे, तभी जोगिया-पकड़ी मार्ग पर यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर चालक को झपकी आने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।