सिद्धार्थनगर: किराए के मकान में विवाहिता की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
विवेकानंद नगर में हुई घटना से इलाके में मचा हड़कंप, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय स्थित विवेकानंद नगर मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किराए के मकान में रह रही 29 वर्षीय निशा का शव घर के अंदर रसोईघर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान निशा, पत्नी अमित कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि अमित कुमार विकास भवन स्थित पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। परिवार मूल रूप से डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रामवापुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें नौ वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटा शामिल हैं।
बेटे के फोन से मिली घटना की जानकारी
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अमित कुमार अपनी बेटी को लेकर गांव जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनके सात वर्षीय बेटे ने फोन कर बताया कि उसकी मां ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया है और वह अंदर हैं। अमित कुमार ने बेटे को आसपास के लोगों को बुलाने के लिए कहा। जब तक पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तब तक निशा की मौत हो चुकी थी।
पिछली रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी की बात आई सामने
अमित कुमार के मुताबिक, घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, इस बात से घटना का कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मृतका के पिता नींबू लाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार में किसी गंभीर विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी।
बताया जा रहा है कि परिवार पिछले करीब आठ महीने से विवेकानंद नगर स्थित किराए के मकान में रह रहा था। मकान मालिक का नाम गिरीश चौधरी बताया गया है।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
फिलहाल विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति साफ हो सकेगी।
घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठने की इस घटना से मोहल्ले में शोक का माहौल है।



