फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर: मां लक्ष्मी विसर्जन से पहले बड़ा हादसा, कूड़ा नदी में डूबे दो दोस्त लापता, मौके पर पहुंचा तहसील प्रशासन

file 00000000063881fa95b061444136b27e

सिद्धार्थनगर। मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के बीच बुधवार को कूड़ा नदी के मुजहाना घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव से प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे तीन दोस्त नदी में नहाने उतरे थे, लेकिन कुछ ही देर में दो दोस्त गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। तीसरे दोस्त की आंखों के सामने हुए इस हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ अब तहसील प्रशासन और लेखपालों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

प्रतिमा विसर्जन से पहले नदी में उतरे थे तीनों दोस्त

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे गांव में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा के विसर्जन के लिए तीनों दोस्त मुजहाना घाट स्थित कूड़ा नदी पहुंचे थे। प्रतिमा अभी घाट पर नहीं पहुंची थी। इसी दौरान तीनों दोस्तों ने नदी में नहाने का फैसला किया।

नदी में नहाने उतरे युवकों में आदित्य कुमार कनौजिया (18 वर्ष), पुत्र लकी चंद्र कनौजिया और गौतम कुमार (करीब 20 वर्ष), पुत्र हेमंत कुमार शामिल थे। इनके साथ दीपू (15 वर्ष), पुत्र सुरजीत भी मौजूद था। तीनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आदित्य और गौतम नदी में आगे की तरफ थे, जबकि दीपू पीछे था। इसी दौरान दीपू का मन नदी में नहाने का नहीं हुआ और वह बाहर निकल आया। कुछ ही देर बाद पीछे मुड़कर देखा तो उसके दोनों दोस्त पानी में डूबते दिखाई दिए।

तीसरे दोस्त की आंखों के सामने हुआ हादसा

दोनों दोस्तों को पानी में डूबता देख दीपू घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगने लगा। लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास करते, तब तक आदित्य और गौतम पानी में लापता हो चुके थे।

इस हादसे का सबसे भावुक पहलू यह है कि तीसरा दोस्त दीपू अपनी आंखों के सामने अपने दोनों साथियों को डूबते देखता रह गया। उसकी भीगी पलकों और दबी आवाज में घटना का हाल सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

पुलिस, लेखपालों की टीम और तहसील प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अब लेखपालों की टीम और तहसील प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच गया है। प्रशासनिक टीम मौके का निरीक्षण कर रही है और घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय लोगों की मदद से नदी में दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। प्रशासन को एनडीआरएफ की टीम के लिए भी सूचना दिए जाने की जानकारी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और ग्रामीणों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

एक माता-पिता का इकलौता बेटा, दूसरा परिवार का बड़ा बेटा

बताया जा रहा है कि गौतम कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है और उसकी तीन बहनें हैं। वहीं आदित्य कुमार अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा है। उसकी एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है।

दोनों युवकों के नदी में लापता होने की खबर से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर किसी की निगाहें नदी पर टिकी हैं और परिवार के लोग अपने बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

विसर्जन की खुशियां बदलीं मातम में

जिस गांव में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर सुख-समृद्धि की कामना की गई थी, उसी प्रतिमा के विसर्जन के दिन दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है। पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर मौजूद है। सभी को इंतजार है कि जल्द से जल्द दोनों युवकों का पता चल सके।

FT NEWS DIGITAL | सिद्धार्थनगर

सच और…कुछ नहीं।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।