बांसी नगर पालिका अध्यक्ष की गाड़ी पर हमला, बाल-बाल बचीं चेयरमैन
देवा रोड पर पथराव से टूटी कार के शीशे, पुलिस जांच में जुटी
सिद्धार्थ नगर /बारबंकी
सिद्धार्थनगर जनपद की बांसी नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा राईन की गाड़ी पर रविवार देर रात बाराबंकी जिले के देवा रोड पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष किसी निजी कार्य से लखनऊ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक से हल्की टक्कर के बाद विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने कुछ दूरी तक कार का पीछा किया और बाद में वाहन पर पथराव कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार के पिछले और साइड के शीशे टूट गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Views: 150

