सरयू की लहरों में डूबी जन्मदिन की खुशियां, अयोध्या में तीन दोस्त लापता
बस्ती/अयोध्या। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं, जब दोस्तों संग भगवान राम की नगरी अयोध्या घूमने गए पांच युवकों में से तीन सरयू नदी की तेज लहरों में समा गए। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा है, जबकि देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
बताया जा रहा है कि बस्ती जिले के पुरानी बस्ती क्षेत्र निवासी पांच दोस्त गुरुवार सुबह बेहद उत्साह के साथ कार से अयोध्या पहुंचे थे। सभी दोस्त अपने साथी किशन सोनी का जन्मदिन मनाने और रामलला के दर्शन करने निकले थे। “जय श्रीराम” के उद्घोष और खुशी के माहौल के बीच किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा।
सरयू नदी में स्नान के दौरान अचानक गहराई का अंदाजा न लग पाने से अभिषेक, अमित और राज तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते तीनों युवक नदी की लहरों में समा गए। किशन सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि लकी किसी तरह बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई राहत कार्य में बड़ी बाधा बनी रही। अंधेरा होने के बाद भी परिवारों की उम्मीदें सरयू किनारे टिकी रहीं।
लापता युवकों में अमित गुप्ता शहर के प्रसिद्ध पंसारी परिवार से बताए जा रहे हैं, जिनका मंगल बाजार में किराना कारोबार है। अभिषेक सोनी ज्वैलरी कारोबारी हैं और सोने-चांदी के गहनों पर नक्काशी का काम करते थे। वहीं राज गुप्ता स्टेशन रोड पर टी स्टॉल संचालित करते हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। स्वजन की आंखें अपनों की सलामती की आस में टिकी हैं, जबकि प्रशासन ने शुक्रवार सुबह फिर से बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाने की बात कही है।
Views: 117

