जिले में मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक
सिद्धार्थनगर/लखनऊ, 20 मई 2026: माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश की सड़कों के विकास एवं सड़क सुरक्षा को लेकर लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि प्रदेश की सभी सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं और बेहतर सड़क संपर्क से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। मुख्यमंत्री जी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने तथा खराब एवं गड्ढायुक्त सड़कों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा के संबंध में भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। सड़क संकेतक, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट एवं स्पीड ब्रेकर आदि की समुचित व्यवस्था किए जाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाए जाएं तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदंबिका पाल, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अभिषेक महाजन मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह वह अन्य संबंधित उपस्थित थे।
Views: 226
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
