बेंगलुरु में महकेगा सिद्धार्थनगर का स्वाद, यूपी महोत्सव में धूम मचाएंगी कालानमक कुकीज
सिद्धार्थनगर। बुद्धभूमि सिद्धार्थनगर की खुशबू अब देश के बड़े मंच पर लोगों को आकर्षित करने जा रही है। जिले के प्रसिद्ध कालानमक चावल से तैयार विशेष कुकीज को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले चार दिवसीय उत्तर प्रदेश महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा। 21 से 24 मई तक The Art of Living Foundation के इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले इस महोत्सव में सिद्धार्थनगर की कालानमक कुकीज प्रदेश के चुनिंदा पारंपरिक उत्पादों में शामिल रहेंगी।
“एक जनपद, एक व्यंजन” योजना के तहत आयोजित इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश के 10 जिलों के विशेष उत्पादों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। सिद्धार्थनगर की कालानमक कुकीज को लेकर स्थानीय उद्यमियों और किसानों में खास उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन जिले के पारंपरिक उत्पाद को देशभर में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
महोत्सव में आगरा का पेठा, झांसी की बालूशाही और लखनऊ की रेवड़ी जैसे प्रसिद्ध उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र होंगे। देश-विदेश से आने वाले लोग यहां उत्तर प्रदेश की संस्कृति और स्वाद का अनुभव करेंगे।
कालानमक कुकीज निर्माता डा. अजय राजत ने बताया कि सिद्धार्थनगर से भेजी गई कुकीज की खेप बेंगलुरु पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल कालानमक चावल को नई पहचान देगा, बल्कि जिले के किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए रोजगार व व्यापार की नई संभावनाएं भी तैयार करेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालानमक चावल की खुशबू और स्वाद पहले ही लोगों को आकर्षित करता रहा है, अब उससे तैयार कुकीज राष्ट्रीय मंच पर सिद्धार्थनगर की अलग पहचान बनाने को तैयार हैं।
Views: 136
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
