भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का प्रथम आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यालय पहुंचने पर गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा एवं फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वागत उपरांत भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष दीपक मौर्य की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष कार्यकर्ता ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, क्योंकि वह अपने बूथ की परिस्थितियों, कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से सबसे अधिक जुड़ा रहता है तथा प्रत्येक सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने जिला अध्यक्ष से नियमित रूप से मंडल अध्यक्षों से संवाद कर प्रत्येक मंडल की गतिविधियों की समीक्षा करने का आग्रह किया, जिससे संगठन और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बन सके।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आज कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संघर्ष के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास के बल पर भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावों में पांचों विधानसभा में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री फूलचंद जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राजा जय प्रताप सिंह, विधायक सदर श्यामधनी राही, पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीतल सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में श्रीमती साधना चौधरी, आशीष शुक्ला, पवन मिश्रा, सच्चिदानंद चौबे, विजयकांत चतुर्वेदी, गोविंद माधव, कन्हैया पासवान, रवि अग्रवाल, मुन्नी देवी, अशोक अग्रहरि, सिद्धार्थ पाठक, अविनाश सिंह रामनारायण, लवकुश ओझा, गुड्डू त्रिपाठी, प्रधान संघ जिला अध्यक्ष पवन मिश्रा, बजरंगी वर्मा अर्चिष्मान मिश्र, राघवेंद्र मिश्रा , उमेश साहू,, प्रभात तिवारी विक्की रस्तोगी सहित जिले के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Views: 93
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
