फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
इलाज कराने गए युवक की बाइक पर एक चोर का हाथ साफ, CCTV में कैद हुई वारदात

सिद्धार्थनगर। जिले में बाइक एक चोर के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सिद्धार्थनगर शहर के उस्का रोड स्थित एक निजी अस्पताल के सामने का है, जहां पत्नी का इलाज कराने पहुंचे युवक की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात अस्पताल के आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद बताई जा रही है।

मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिधुनिया निवासी कमाल अहमद पुत्र रउआव अली अपनी बीमार पत्नी को इलाज के लिए UP 53 AF 9572 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से लेकर अमन हॉस्पिटल, उस्का रोड पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवक ने बाइक अस्पताल के बाहर खड़ी की और पत्नी को लेकर इलाज कराने अंदर चला गया।

कुछ देर बाद जब वह इलाज कराकर बाहर निकला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक गायब थी। पीड़ित ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पीड़ित ने अस्पताल के CCTV फुटेज की जांच कराई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने सिद्धार्थनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

 

Views: 400

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।