फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
नाले के पुल के नीचे मिला युवक का शव, खून के निशान और चप्पल मिलने से हत्या की आशंका गहराई

उत्तर प्रदेश सिद्धार्थनगर

सदर थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर राजा के टोला लोध पुरवा निवासी युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब और गहराता नजर आ रहा है। गांव के ही निवासी जसवंत लोधी (लगभग 30 वर्ष) पुत्र शिवकुमार लोधी का शव कोईलहरा नाले के पुल के नीचे पानी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों के अनुसार, जसवंत बीते 28 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजन लगातार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

बुधवार सुबह सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के पास मृतक की चप्पल पड़ी मिली है और कुछ स्थानों पर खून जैसे निशान भी देखे गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को पुल के नीचे फेंका गया हो। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


मृतक के परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।


बताया जा रहा है कि मृतक के तीन मासूम बच्चे हैं और उसकी पत्नी गर्भवती है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही, जहां एक ओर पुलिस जांच में जुटी रही, वहीं दूसरी ओर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।”

 

Views: 126

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।