फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
पेट्रोल पंप विवाद ने पकड़ा सियासी रंग

UP | Siddharthnagar


भाजपा पदाधिकारी के आरोप, वायरल वीडियो और एफआईआर के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म

सिद्धार्थनगर।

जनपद के बर्डपुर क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल दिए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। भाजपा पदाधिकारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, प्रशासनिक हस्तक्षेप और पुलिस कार्रवाई के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला 10 मई 2026 की शाम का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अविनाश सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपनी कार में डीजल भरवाने के लिए मधुबेनिया बर्डपुर स्थित मेकरानी ऑयल कंपनी पहुंचे थे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने कथित तौर पर ₹300 का मोबिल ऑयल खरीदने की बात कहते हुए डीजल देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अविनाश सिंह का कहना है कि सूचना मिलने पर पंप संचालक चाँद मोहम्मद उर्फ चाँद भाई मौके पर पहुंचे, जहां कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों को बुलाकर उन्हें पंप परिसर से बाहर निकालने का प्रयास भी किया गया।

मामले को लेकर शिकायतकर्ता का दावा है कि स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी के सीयूजी नंबर पर फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। आरोप यह भी लगाया गया है कि प्रशासनिक स्तर पर बातचीत के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और कथित तौर पर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

इसी बीच पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति खुद को भारतीय जनता पार्टी का “जिला महामंत्री” बताते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गईं।

हालांकि, जब इस पूरे मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य से सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि संबंधित व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं है और पार्टी से उसका कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।

वहीं शिकायतकर्ता द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र और पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली सिद्धार्थनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों को जांच के दायरे में लिया गया है।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत पत्र, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं…

क्या वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप जांच में प्रमाणित होंगे…

और प्रशासन इस पूरे मामले में आगे क्या कदम उठाता है…

फिलहाल सिद्धार्थनगर का यह पेट्रोल पंप विवाद जिले में राजनीतिक बहस और चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।

(नोट : यह समाचार शिकायतकर्ता के आरोपों, वायरल वीडियो, पुलिस तहरीर एवं उपलब्ध स्थानीय जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

FT News Digital

“सच और… कुछ नहीं।”

Views: 154

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।