कोर्ट से लौट रहे अधेड़ को ट्रक ने कुचला, बेटे की आंखों के सामने दर्दनाक मौत
न्यायालय गेट के सामने मचा कोहराम, घंटों जाम; चालक ट्रक छोड़कर फरार
मुकदमे की पैरवी कर घर लौट रहे थे इनाउल्लाह, सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा; पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच
▪️ न्यायालय गेट के सामने हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
▪️ 55 वर्षीय इनाउल्लाह की मौके पर मौत
▪️ बेटे के सामने पिता ने तोड़ा दम
▪️ ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
▪️ दोनों ओर लगा लंबा जाम, यातायात प्रभावित
▪️ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
▪️ फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बेटे की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार हादसे के समय मृतक का पुत्र अलाउद्दीन भी साथ मौजूद था। उसने बताया कि मोटरसाइकिल मोड़ते समय इंडिकेटर दिया गया था, लेकिन ट्रक चालक ने न तो गति कम की और न ही सावधानी बरती। देखते ही देखते पिता ट्रक की चपेट में आ गए और उसकी आंखों के सामने उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद कोर्ट गेट पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद न्यायालय गेट के सामने अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात सामान्य कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सिद्धार्थनगर।
जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय गेट के सामने गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोहाना थाना क्षेत्र के मधुबनी टोला रेहला गांव निवासी इनाउल्लाह (55) की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। मृतक अपने पुत्र अलाउद्दीन के साथ मोटरसाइकिल से न्यायालय में मुकदमे की पैरवी करने आए थे और कार्य समाप्त होने के बाद घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों न्यायालय परिसर से निकलकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही इनाउल्लाह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र अलाउद्दीन ने बताया कि उन्होंने सड़क पार करने से पहले इंडिकेटर दिया था, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन की गति कम नहीं की। उनका आरोप है कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ता, वादकारी और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे न्यायालय गेट के सामने दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया तथा यातायात को सुचारु कराया। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। उधर, हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार इनाउल्लाह परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और मुकदमे की तारीख पर न्यायालय आए थे, लेकिन घर लौटने से पहले ही सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Views: 133

