बुद्धभूमि की माटी से उठी प्रतिभा अब इटली में दिखाएगी दम, सिद्धार्थनगर के विनीत शुक्ल को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच
सिद्धार्थनगर। भगवान बुद्ध की पावन धरती सिद्धार्थनगर एक बार फिर अपनी प्रतिभा के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। उस्का बाजार ब्लॉक क्षेत्र के करमा गांव की मिट्टी में पले-बढ़े युवा शोध छात्र एवं उभरते फिल्ममेकर विनीत शुक्ल को इटली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ड्यूमिला 30 इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल एंड एक्सपीरियंस में शामिल होने का विशेष आमंत्रण मिला है।
यह केवल एक युवा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सिद्धार्थनगर और बुद्धभूमि के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। गांव की गलियों से निकलकर लंदन तक पहुंचने वाले विनीत अब अपनी रचनात्मक सोच और फिल्मों के जरिए विश्व मंच पर भारत और अपने जिले की पहचान मजबूत करते नजर आएंगे।
जानकारी के अनुसार, यह अंतरराष्ट्रीय रचनात्मक महोत्सव 30 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक इटली में आयोजित होगा। इसमें दुनिया के कई देशों से युवा फिल्म निर्माता, शोधार्थी, कलाकार और रचनात्मक प्रतिभाएं भाग लेंगी। महोत्सव का उद्देश्य युवाओं की सोच, रचनात्मकता और सामाजिक दृष्टिकोण को वैश्विक मंच देना है।
संस्था की ओर से भेजे गए आमंत्रण पत्र में विनीत शुक्ल को विशेष रूप से अपने अनुभव, विचार और फिल्मों के माध्यम से समाज को लेकर अपनी सोच साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है। बताया जा रहा है कि इस आयोजन की थीम संयुक्त राष्ट्र के वर्ष 2030 सतत विकास एजेंडा पर आधारित है, जिसमें समाज, पर्यावरण, शिक्षा, संस्कृति और मानवता से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाले विनीत शुक्ल वर्तमान में लंदन में शोध छात्र के रूप में अध्ययन कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के निर्माण में भी सक्रिय हैं। उनकी रचनात्मकता में गांव की मिट्टी की खुशबू, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की गहरी झलक दिखाई देती है। यही वजह है कि उनकी सोच और कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहना मिल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुद्ध की धरती सिद्धार्थनगर हमेशा से ज्ञान, शांति और संस्कृति का संदेश देती रही है। अब इसी भूमि का एक युवा विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने जा रहा है। गांव और जिले के युवाओं के लिए यह उपलब्धि किसी प्रेरणा से कम नहीं मानी जा रही।
विनीत शुक्ल पूर्व विधायक स्वर्गीय ईश्वर चन्द्र शुक्ल के पौत्र तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रभात शुक्ल के सुपुत्र हैं। जैसे ही यह सूचना क्षेत्र में पहुंची, शुभचिंतकों, शिक्षाविदों और सामाजिक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले की बड़ी उपलब्धि बताया। सोशल मीडिया पर भी लोग “बुद्धभूमि का गौरव” कहकर विनीत की सराहना कर रहे हैं।
सारांश
सिद्धार्थनगर के युवा फिल्ममेकर विनीत शुक्ल को इटली के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में मिला आमंत्रण
30 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक होगा आयोजन
संयुक्त राष्ट्र के 2030 सतत विकास एजेंडा पर आधारित है महोत्सव
लंदन में शोध कार्य के साथ डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के निर्माण में सक्रिय हैं विनीत
बुद्धभूमि की प्रतिभा अब वैश्विक मंच पर दिखाएगी अपनी रचनात्मक पहचान
“गांव की मिट्टी से निकला युवा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर सिद्धार्थनगर की पहचान को देगा नई उड़ान”
Views: 48

