फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
शाहपुर नवीन मंडी में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, सात दुकानें जलकर खाक

सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज क्षेत्र स्थित शाहपुर नवीन मंडी में देर शाम अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मंडी की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और फायर ब्रिगेड को खबर दी गई। कुछ ही देर में दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आकर करीब सात दुकानें पूरी तरह जल गईं। दुकानों में रखा फल, नगदी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। व्यापारियों के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

दुकानदारों का कहना है कि घटना के समय अधिकांश लोग खाना खाने के लिए घर गए हुए थे। इसी बीच मंडी से फोन पर आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और दुकान में रखा सामान जल चुका था।

मौके पर पहुंचे मंडी प्रशासन के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। मंडी सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

आग किन कारणों से लगी, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद व्यापारियों में मायूसी और चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

Views: 81

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।