फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर में जर्जर ढांचों पर प्रशासन सख्त, काशीराम आवास हादसे के बाद डीएम का बड़ा एक्शन

 “काशीराम हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट”

 “जर्जर ढांचों पर डीएम का सख्त आदेश”

 “अब चिन्हित होंगे खतरनाक भवन”

 “लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी”

 “जन सुरक्षा को लेकर बड़ा एक्शन”


सिद्धार्थनगर।

सदर थाना क्षेत्र जेल चौंकी अंतर्गत स्थित काशीराम आवास के पीछे परिसर में पुरानी पानी की टंकी पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। हादसे में एक मासूम की मौत और बच्चों के घायल होने की घटना के बाद जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर ने जनपदभर में जर्जर एवं निष्प्रयोज्य भवनों, पानी की टंकियों और अन्य खतरनाक संरचनाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Screenshot 20260509 074001

बताया जा रहा है कि काशीराम आवास परिसर में कुछ बच्चे खेलते-खेलते पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। इसी दौरान पुरानी और जर्जर सीढ़ियां अचानक टूट गईं, जिससे बच्चे नीचे गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल ने अभियान चलाकर फंसे बच्चों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। इस हादसे ने जिले में वर्षों से उपेक्षित पड़े जर्जर ढांचों की स्थिति को फिर चर्चा में ला दिया है।

घटना के बाद जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी०एन० द्वारा जारी पत्र में सभी विभागाध्यक्षों, अधिशासी अभियंताओं, परियोजना प्रबंधकों, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद में मौजूद जर्जर, खतरनाक एवं निष्प्रयोज्य भवनों, पानी की टंकियों, बाउंड्रीवाल और अन्य संरचनाओं का तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऐसे ढांचों को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया है कि ध्वस्तीकरण से पहले संबंधित स्थानों को पूरी तरह सुरक्षित किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि की संभावना न रहे। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि किसी जर्जर संरचना की वजह से भविष्य में हादसा होता है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का कहना है कि जिले में कई पुराने सरकारी ढांचे लंबे समय से खतरे की स्थिति में खड़े हैं, जिनकी समय रहते निगरानी और मरम्मत आवश्यक है। काशीराम आवास की घटना के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और अधिक गंभीरता से कार्रवाई करेगा।

Views: 104

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।