पेट्रोल पंपों पर प्रशासन अलर्ट
डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, “नो हेलमेट-नो फ्यूल” के सख्त निर्देश

अफवाहों और भीड़ की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, CCTV और अग्निशमन उपकरणों की भी जांच

सिद्धार्थनगर, 21 मई।
देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल और गैस को लेकर फैल रही अफवाहों तथा पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ की स्थिति को देखते हुए सिद्धार्थनगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को निर्बाध ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने गुरुवार को थाना सिद्धार्थनगर क्षेत्र स्थित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भारत पेट्रोल पंप तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप मधुकरपुर पहुंचकर ईंधन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में वितरण व्यवस्था बाधित न होने पाए और उपभोक्ताओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखा जाए।
वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान का सख्ती से पालन कराने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप परिसर में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासनिक टीम ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति भी परखी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
डीएम-एसपी ने पेट्रोल पंपों का किया औचक निरीक्षण
“नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के दिए निर्देश
CCTV कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
अग्निशमन उपकरणों की स्थिति भी परखी गई
अफवाहों से बचने की प्रशासन ने की अपील
जनपद में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होने का दावा
Views: 99

